सिमरन रायल किंग्स नागपुर की एकतरफा जीत
00 एक अन्य मैच में शहीद जसजीत इलेवन कश्मीर ने खालसा वारियर्स नांदेड़ को हराया

रायपुर। राजधानी रायपुर के डब्ल्यूआरएस क्रिकेट मैदान में शनिवार को 16 वीं सिक्ख प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट के तहत दो मैच खेले गए। पहले मैच में शहीद जसजीत इलेवन कश्मीर ने खालसा वारियर्स नांदेड़ को 11 रनों से हराया वहीं दूसरा मैच पूरी तरह एकतरफा रहा जिसमें सिमरन रायल किंग्स नागपुर के तूफान में सिंग इलेवन पलपोरा कश्मीर उड़ गए और 71 रनों से मैच हार गए। इस मैच की खास बात ये रही हैं नागपुर के उद्घाटक दोनों बल्लेबाजों ने शतक जड़ दिया और पूरे 20 ओवर खेलकर मैदान से नाट आउट लौटे।

पहले मैच में शहीद जसजीत इलेवन कश्मीर 19.5 ओवर में 160 रन बनाकर आल आउट हो गया। 6 चौंकों की मदद से चमोकर सिंग ने सर्वाधिक 52 रन (37 गेंद) बनाए। इसके बाद मनदीप 18 व गगनदीप ने 17 रनों का योगदान दिया। नांदेड़ की ओर से सजनमीत, चरणजीत सिंग, रोमी व सिमरजीत सिंग ने 2-2 विकेट लिए। इसके बाद खेलने उतरी नांदेड़ की टीम 20 ओवर तो पूरा खेली लेकिन 9 विकेट खोकर 149 रन से आगे नहीं बढ़ पायी और मैच 11 रनों से हार गई। एकमात्र बल्लेबाज रहे रुपिंदर सिंग जिन्होने 40 गेंदों में 73 रनों की शानदार पारी खेली। दूसरे टाप स्कोरर रहे तेजपाल सिंग जिन्होने 31 रन बनाया। नांदेड़ की ओर से 3 ओवर में 9 रन देकर 3 विकेट लेने वाले भूपिंदर सिंग को मैन आफ द मैच दिया गया।
दूसरे मैच में शानदार बल्लेबाजी का नजारा देखने को मिला जब सिमरन रायल किंग्स नागपुर के दोनों ही ओपनर बल्लेबाजों ने शतक ठोंक दिया। सुकमनसिंग ने 105 रन (56 गेंद) जिसमें 11 चौके व 6 छक्के शामिल थे और मनवीर सैनी ने 100 रन (66 गेंद) में 11 चौके व 3 छक्के लगाये। 15 अतिरिक्त रन मिलाकर टीम ने 20 ओवर में 220 रनों का विशाल लक्ष्य सिंग इलेवन पलपोरा कश्मीर के समक्ष रखा। लेकिन 20 ओवर में 8 विकेट खोकर वे केवल 149 रन ही बना पाए और 71 रन से मैच हार गए। कश्मीर की ओर से जसविंदर सिंग ने सर्वाधिक 60 रन (34 गेंद) बनाए। नागपुर की ओर से शतक लगाने के साथ 3 ओवर में 26 रन देकर 2 विकेट लेने वाले मनवीर सैनी को मैन आफ द मैच दिया गया।










