शाम को विदाई, अगले ही दिन फिर उसी कुर्सी पर वापसी! प्रभारी मुख्य विद्युत निरीक्षक एस.के. नेताम को लेकर बड़ा सवाल –

शाम को विदाई, अगले ही दिन फिर उसी कुर्सी पर वापसी! प्रभारी मुख्य विद्युत निरीक्षक एस.के. नेताम को लेकर बड़ा सवाल –
रायपुर – छत्तीसगढ़ के प्रभारी मुख्य विद्युत निरीक्षक एवं मूल पद अधीक्षण अभियंता एस.के. नेताम को 30 जून 2026 की शाम करीब 5:30 बजे विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने भावभीनी विदाई दी। सेवानिवृत्ति समारोह में उन्हें पुष्पगुच्छ, स्मृति-चिह्न, उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर साझा की गईं, जिनमें उन्हें Happy Retirement की शुभकामनाएं दी गईं।

लेकिन विदाई के महज कुछ घंटों बाद ही विभाग में ऐसा घटनाक्रम सामने आया, जिसने पूरे महकमे में चर्चाओं का दौर शुरू कर दिया। 1 जुलाई को दोपहर करीब 1 बजे, सेवानिवृत्ति के अगले ही दिन एस.के. नेताम फिर कार्यालय पहुंचे, अपना कक्ष खुलवाया और पूर्व की तरह कार्यालयीन कार्य करते दिखाई दिए। यह घटनाक्रम कर्मचारियों के बीच चर्चा का विषय बन गया।

जबकि एस.के. नेताम को न तो सेवा विस्तार दिया गया है और न ही उनकी कोई पुनर्नियुक्ति हुई है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि सेवानिवृत्ति के बाद आखिर किस प्रशासनिक अधिकार या आदेश के आधार पर वे कार्यालय में बैठकर काम कर रहे हैं?
यह मामला केवल एक अधिकारी की वापसी का नहीं, बल्कि सरकारी सेवा नियमों और प्रशासनिक व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़ा करता है। यदि सेवा विस्तार अथवा पुनर्नियुक्ति का कोई आदेश जारी नहीं हुआ है, तो सेवानिवृत्ति के अगले ही दिन कार्यालयीन कार्य करना किस नियम के तहत संभव हुआ? इस पूरे मामले को लेकर ऊर्जा विभाग में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं।
गौरतलब है कि ऊर्जा विभाग का प्रभार मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह के पास है और एस के नेताम सुबोध के बेहद करीबी बताये जाते है। अब यह करीबियत का जलवा है या सेवानिवृत्त होने के बाद का अहंकार यह तो विभाग और सुबोध साहब बेहतर जानते होंगे लेकिन सवाल यह है कि एक सेवानिवृत्त अधिकारी कैसे इस तरह बैठ के कार्य कर सकता है।
जब यह समाचार लिखा जा रहा है उस समय भी नेताम साहब ऑफिस में बैठे है कार्यालय के सीसीटीवी कैमरे में इस बात की तस्दीक की जा सकती है। कार्यालय मुख्य विद्युत निरीक्षक बी ब्लॉक द्वितीय तल इंद्रावती भवन अटल नगर नया रायपुर में संचालित है।










