एम्स में नौकरी लगाने का झांसा देकर युवती से बलात्कार, कवर्धा से गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर के एम्स में नौकरी लगवाने का झांसा देकर 25 वर्षीय युवती से करीब 6 लाख रुपए की ठगी और दुष्कर्म कर पीडि़ता का आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल करने वाले आरोपी रितेश चंद्राकर को कवर्धा से आमानाका थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, कवर्धा जिले के पांडातराई निवासी रितेश चंद्राकर (26) ने करीब दो साल पहले युवती से सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती की थी। बातचीत के दौरान आरोपी ने खुद को एम्स रायपुर में कार्यरत बताया और अधिकारियों से ऊंची पहुंच होने का दावा किया। आरोपी ने युवती को भरोसा दिलाया कि वह उसकी नौकरी एम्स रायपुर में लगवा देगा। इसी भरोसे में आकर युवती ने आरोपी को अलग-अलग किस्तों में करीब 6 लाख रुपए दे दिए। बताया जा रहा है कि युवती ने यह रकम कर्ज लेकर जुटाई थी।
पीडि़ता का आरोप है कि आरोपी ने उसे विश्वास दिलाने के लिए एक फर्जी ज्वाइनिंग लेटर भी दिया। युवती जब ज्वाइनिंग लेटर लेकर एम्स पहुंची, तब उसे पता चला कि दस्तावेज फर्जी हैं और उसके साथ ठगी हुई है। पीडि़ता ने बताया कि आरोपी ने उसे आमनाका स्थित एक होटल में बुलाया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी ने आपत्तिजनक वीडियो बना लिया और उसे वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगा। जब युवती को ठगी का पता चला तो उसने आमनाका थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामला दर्ज होने की जानकारी मिलते ही आरोपी फरार हो गया था। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को कवर्धा से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ ठगी, दुष्कर्म और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *