छत्तीसगढ़ भाजपा में फिर बदली बिसात, प्रभारी के बाद संगठन महामंत्री भी बदले, 2028 से पहले कर्मवीर की एंट्री के मायने –

 

रायपुर – छत्तीसगढ़ भाजपा में 24 घंटे के भीतर संगठन के दो अहम बदलाव हुए हैं। बुधवार को स्मृति ईरानी को प्रदेश प्रभारी और सिद्धार्थ शंभू को सह-प्रभारी बनाया गया। इसके अगले ही दिन प्रदेश महामंत्री संगठन की जिम्मेदारी भी बदल दी गई। भाजपा ने कर्मवीर सिंह को नया संगठन महामंत्री बनाया है, जबकि अब तक यह जिम्मेदारी संभाल रहे पवन साय को झारखंड भेजा गया है। अजय जामवाल को महाराष्ट्र और शिवप्रकाश को छत्तीसगढ़ समेत पांच राज्यों की संगठनात्मक जिम्मेदारी मिली है।

बदलाव के कारणों का पार्टी के आदेश में कोई जिक्र नहीं है, इसलिए इसे किसी असंतोष या खास रणनीति का नतीजा कहना जल्दबाजी होगी। लेकिन समय जरूर सवाल खड़े करता है। 2028 के विधानसभा चुनाव से करीब दो साल पहले प्रदेश प्रभारी से लेकर संगठन महामंत्री तक की टीम बदलना बताता है कि भाजपा संगठन को नए सिरे से व्यवस्थित कर रही है।

सबसे ज्यादा नजर अब कर्मवीर सिंह पर है। संघ पृष्ठभूमि से आए कर्मवीर की पहचान चुनावी चेहरे से ज्यादा संगठनकर्ता की रही है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में संगठन की जिम्मेदारी संभालने के बाद 2022 में उन्हें झारखंड का संगठन महामंत्री बनाया गया। बूथ, मंडल और कार्यकर्ता नेटवर्क को मजबूत करना उनकी संगठनात्मक भूमिका का प्रमुख हिस्सा रहा है।
अब यही अनुभव छत्तीसगढ़ में कितना काम आता है, यह देखने वाली बात होगी।

भाजपा सत्ता में है और अगले विधानसभा चुनाव तक संगठन को लगातार सक्रिय रखना उसके लिए अहम चुनौती होगी। ऐसे में कर्मवीर के सामने बूथ से लेकर जिला स्तर तक संगठन को कसने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय रखने और सरकार-संगठन के बीच तालमेल मजबूत करने की जिम्मेदारी होगी।

दिलचस्प यह भी है कि कर्मवीर के आने से एक दिन पहले ही प्रदेश प्रभारी बदले गए हैं। यानी छत्तीसगढ़ भाजपा में सिर्फ एक पद पर चेहरा नहीं बदला, बल्कि केंद्रीय नेतृत्व ने संगठन की पूरी टीम को नए सिरे से जमाया है।

अब नजर इस बात पर होगी कि नई टीम की पहली प्राथमिकता क्या रहती है संगठन में बदलाव, बूथ की मजबूती या 2028 की चुनावी तैयारी। आदेश में जवाब नहीं है, लेकिन रायपुर में संगठन की कुर्सियां बदल चुकी हैं। अब देखना है कि नई बिसात पर पहली चाल कौन चलता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *