आवेदन के 48 घंटे के भीतर मिली राहत, दिव्यांग की स्कूटी की मांग पर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने दिखाई संवेदनशीलता –

आवेदन के 48 घंटे के भीतर मिली राहत, दिव्यांग की स्कूटी की मांग पर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने दिखाई संवेदनशीलता –
सूरजपुर – एक दिव्यांग की परेशानी और अस्पताल तक आने-जाने की मजबूरी पर महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने त्वरित संवेदनशीलता दिखाई। तीन पहिया इलेक्ट्रिक स्कूटी के लिए दिए गए आवेदन के महज 48 घंटे के भीतर दिव्यांग विष्णु लाल यादव को स्कूटी उपलब्ध करा दी गई।
मामला ग्राम पंचायत तेलईकछार, थाना व पोस्ट जयनगर, तहसील लटोरी, जिला सूरजपुर के निवासी विष्णु लाल यादव का है। यादव ने मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े को दिए आवेदन में बताया कि पिछले वर्ष रायपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने जाते समय वे बस दुर्घटना का शिकार हो गए थे। हादसे में घायल होने के बाद वे दिव्यांग हो गए।
विष्णु लाल ने अपनी पीड़ा बताते हुए कहा कि घर से अस्पताल की दूरी अधिक होने के कारण उन्हें इलाज और अन्य जरूरी कामों के लिए आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं है कि वे स्वयं स्कूटी खरीद सकें। ऐसे में उन्होंने मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े से दिव्यांगजन के लिए उपयोगी तीन पहिया इलेक्ट्रिक स्कूटी उपलब्ध कराने की मांग की।
बताया गया कि आवेदन मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े तक पहुंचते ही उन्होंने मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल सहायता के निर्देश दिए। इसके बाद महज दो दिन के भीतर विष्णु लाल यादव को विशेष तीन पहिया इलेक्ट्रिक स्कूटी उपलब्ध करा दी गई।
स्कूटी मिलने के बाद विष्णु लाल यादव के चेहरे पर राहत और खुशी साफ दिखाई दी। उनका कहना है कि अब अस्पताल जाने सहित रोजमर्रा के जरूरी कामों के लिए उन्हें काफी सहूलियत होगी।
एक दिव्यांग की जरूरत पर 48 घंटे के भीतर हुई इस मदद ने मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की कार्यशैली और संवेदनशीलता की एक अलग तस्वीर पेश की है जहां आवेदन सिर्फ कागज नहीं रहा, बल्कि जरूरतमंद तक राहत पहुंचने का माध्यम बन गया।










