मां दंतेश्वरी मंदिर में हुई चोरी मामले में पुलिस ने किया आरोपी को गिरफ्तार

जगदलपुर। बस्तर जिला मुख्खालय के कोतवाली थाना क्षेत्र में बस्तर की अराध्य मां दंतेश्वरी मंदिर में 23 जनवरी 2026 को हुई चोरी के मामले में पुलिस ने लगभग एक महीने की जांच के बाद चोरी के आरोपी एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से चोरी किया गया मंगलसूत्र और सोने के हार का टुकड़ा बरामद हुआ है। चोरी के आरोपी की पहचान मोनू यादव (27) निवासी शांतिनगर फ्रेजरपुर जगदलपुर के रूप में हुई है। उसका स्थायी पता ग्राम मंगनार, थाना करपावंड, जिला बस्तर है, उसे मारकेल नगरनार इलाके से पकड़ा गया है ।
23 जनवरी को मां दंतेश्वरी मंदिर से पीतल की मूर्ति, चांदी की चैन जिसमें सोने का लॉकेट लगा था, मंगलसूत्र और सोने के हार की चोरी हुई थी। एएसपी माहेश्वर नाग ने बताया कि मां दंतेश्वरी मंदिर में 23 जनवरी 2026 को हुई चोरी के मामले में चोर को गिरफ्तार कर लिया गया है। चोर के पास से चोरी का सामान भी बरामद किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वारदात के बाद पुलिस ने अलग-अलग 9 टीमें बनाकर जांच शुरू की । मां दंतेश्वरी मंदिर और शहर में लगे 100 से ज्यादा सीसीटीव्ही कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी वारदाता के बाद कोसमी इलाके के आम बगीचे में सोता था। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया। पूछ-ताछ में आरोपी ने चोरी की बात स्वीकार की । उसने बताया कि मूर्ति, चांदी की चैन और मंगलसूत्र जैकेट में रखा था। सोने का हार मूर्ति से खींचकर निकाला, जिससे वह टूट गया। भागते समय हार के कुछ टुकड़े गिर गए और कुछ आरोपी की जेब में रह गए। आरोपी के मुताबिक वारदात को अंजाम देने के बाद वह जगदलपुर रेलवे स्टेशन पहुंचा। वहां रेलवे पुलिस को देखकर घबरा गया और मंगलसूत्र, हार का टुकड़ा स्टेशन के पास बरगद के पेड़ के नीचे पत्थर के नीचे छिपा दिया । इसके बाद पीतल की मूर्ति और चांदी की चैन लेकर ट्रेन से ओडिशा के लिए निकल गया । रास्ते में भंसुली (ओडिशा) रेलवे ब्रिज से नदी में सामान फेंकने की बात कही। आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने बताए गए स्थान से मंगलसूत्र और हार का टुकड़ा बरामद किया गया । रेलवे ब्रिज के पास नदी में फेंके गए सामान की तलाश एसडीआरएफ और पुलिस ने की, लेकिन वह नहीं मिला। आरोपी को गिरफ्तार कर कार्यवाही उपरांत आज मंगलवार को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *