तीन दशक की सेवा के बाद प्रशासन से राजनीति में कदम प्रीति खोखर चखियार ने लिया स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति, कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण

तीन दशक की सेवा के बाद प्रशासन से राजनीति में कदम प्रीति खोखर चखियार ने लिया स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति, कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण
रायपुर : – प्रदेश के प्रशासनिक और सामाजिक क्षेत्र में तीन दशक से अधिक समय तक सेवाएँ देने के बाद महिला एवं बाल विकास विभाग में एडिशनल डायरेक्टर के पद पर पदस्थ रहीं 1993 बैच की पीएससी अधिकारी प्रीति खोखर चखियार ने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेकर सक्रिय राजनीति में कदम रख दिया है।
उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष Deepak Baij के समक्ष कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत करते हुए इसे संगठन के लिए महत्वपूर्ण क्षण बताया।
सेवा काल में महिला-बाल कल्याण के कई कार्य –
प्रीति खोखर चखियार ने अपने लंबे सेवा काल में मुख्यतः महिला एवं बाल विकास विभाग में कार्य किया। आंगनबाड़ी व्यवस्था, पोषण कार्यक्रम और महिला सशक्तिकरण से जुड़े कई कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में उनकी भूमिका उल्लेखनीय रही।
प्रदेश के दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा और महिलाओं के स्वास्थ्य-पोषण को लेकर किए गए प्रयासों को प्रशासनिक हलकों में सराहा जाता रहा है।
संगठन को जमीनी अनुभव का लाभ –
कांग्रेस से जुड़ने के बाद माना जा रहा है कि प्रीति खोखर चखियार का अनुभव संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में सहायक होगा। महिला एवं बाल विकास जैसे संवेदनशील विभाग में लंबे अनुभव के कारण उन्हें महिलाओं, बच्चों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से जुड़े मुद्दों की गहरी समझ है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि ऐसे अनुभवी प्रशासनिक अधिकारियों के राजनीति में आने से संगठन को नीतिगत समझ और जमीनी नेटवर्क दोनों का लाभ मिलता है।
कांग्रेस को मिलेगी नई मजबूती –
प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने कहा कि समाज के विभिन्न क्षेत्रों से अनुभवी और प्रतिबद्ध लोगों का पार्टी से जुड़ना संगठन को मजबूत करता है। महिला एवं बाल विकास विभाग से जुड़े अनुभव के कारण प्रीति खोखर चखियार महिलाओं और बच्चों से जुड़े मुद्दों को संगठन और समाज के बीच और प्रभावी ढंग से उठाने में सक्षम होंगी।
राजनीतिक हलकों में इसे कांग्रेस के लिए एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा है, क्योंकि आंगनबाड़ी व्यवस्था के माध्यम से प्रदेश के लाखों परिवारों से जुड़ाव रखने वाले विषयों पर उनकी समझ पार्टी के लिए एक मजबूत आधार बन सकती है।










