बालूद के छू लो आसमान बॉयज हॉस्टल में छात्र ने कर ली आत्महत्या 

दंतेवाड़ा। जिले के बालूद स्थित ‘छू लो आसमान’ बॉयज हॉस्टल में आज सोमवार काे कक्षा 10वीं में अध्ययनरत एक छात्र ने हॉस्टल की सीढ़ियों के ग्रिल में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मिली जानकारी के अनुसार मृतक छात्र की पहचान रौशन तेलाम के रूप में हुई है, जो कुआकोंडा ब्लॉक के नेरली गांव का निवासी था।
बताया जा रहा है कि यह घटना सुबह लगभग 3 बजे की है। जब कुछ छात्र बाथरूम जाने के लिए उठे, तब उन्होंने रौशन को सीढ़ियों के ग्रिल से फंदे पर लटका देखा। इसके बाद तत्काल हॉस्टल अधीक्षक को सूचना दी गई। अधीक्षक ने बिना देरी किए पुलिस और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। बताया जा रहा है कि रौशन के पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में उसकी मां और बड़ा भाई हैं। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस परिजनों, साथियों और हॉस्टल प्रबंधन से पूछताछ कर हर पहलू की जांच कर रही है। शिक्षा विभाग के अधिकारी भी मामले पर नजर बनाए हुए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *