टमाटर हुआ 100 रुपये किलो, फुटकर व्यापारी कम कीमत पर बेचने तैयार नहीं

रायपुर। राजधानी रायपुर में वैसे तो लोग तेज गर्मी से परेशान हैं और ऊपर से सब्जियों में डलने वाला लाल टमाटर उन्हें रुला रहा है। पिछले दिनों जहां 70 से 80 रुपये किलो में यह बिका और स्थानीय बाजार में शुक्रवार को टमाटर 100 रुपए किलो तक पहुंच गया। फुटकर व्यापारी इससे कम कीमत पर टमाटर बेचने तैयार नहीं है और उनका कहना हैं कि आने वाले दिनों में इसकी कीमतों में और उछाल आने की संभावना है।
हरी सब्जियों के शौकीन लोगों को टमाटर का स्वाद नहीं मिल रहा है वहीं गृहणियों के लिए बिना टमाटर सब्जी-तरकारी तैयार करना मुश्किल हो रहा है। इसकी वजह यह है कि गैर छत्तीसगढ़ी प्रांत से पहुंच रहे टमाटर की खेप में गिरावट आ गई है, वहीं स्थानीय बाडिय़ों में भी टमाटर की फसल अभी शुरू हुई है। ऐसे में अगले एक-दो महीने तक टमाटर के दाम में काफी उछाल रहेगा। शुक्रवार को जहां टमाटर 100 रुपये किलो तक पहुंच रहा हैं और इसकी कीमतों को सुनकर ग्राहक उल्टे पांव लौट रहे हैं। टमाटर के अलावा करेला, बरबट्टी, गंवार फल्ली जैसी अन्य सब्जियों की कीमतें भी दिन-ब-दिन बढ़ रही है।










