सोशल मीडिया से दोस्ती कर काम दिलाने के बहाने नाबालिग से दुष्कर्म के दो आरोपी गिरफ्तार

कांकेर। जिले के चारामा थाना क्षेत्र की रहने वाली नाबालिग युवती से सोशल मीडिया साइट इंस्टाग्राम के माध्यम से दोस्ती कर उसे काम दिलाने के बहाने अपने साथ ले जाकर दुष्कर्म करने वाले आरोपी युवक सुरेश धाकड़ को पुलिस ने राजस्थान के जयपुर से गिरफ्तार कर आज रविवार को चारामा लेकर पंहुची है, आरोपी के साथ उसकी मदद करने वाले उसके सगे भाई जशवंत धाकड़ को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी द्वारा दुष्कर्म की वारदात को अंजाम देने के बाद गर्भवती हुई नाबालिग ने एक बच्चे को भी जन्म दिया है। चारामा थाना प्रभारी दिलेश्वर चंद्रवंशी ने बताया कि आरोपी और उसे आर्थिक रूप से मदद करने वाले उसके भाई को गिरफ्तार किया गया है, आगे की कार्यवाही की जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चारामा क्षेत्र की रहने वाली नाबालिग युवती का इंस्टाग्राम के माध्यम से युवक सुरेश धाकड़ से परिचय हुआ था, जिसके बाद दोनों में बातचीत शुरू हो गई थी, इस बीच आरोपी युवक ने रायपुर में काम दिलवाने के बहाने युवती को रायपुर ले जाकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया था। जिसके बाद नाबालिग युवती किसी तरह वहा से भाग कर अपने घर पहुंची और डर के कारण किसी को घटना की जानकारी नहीं दी, लेकिन इस बीच नाबालिग गर्भवती हो गई जिसके बाद परिजनों को पूरे घटना के संदर्भ में पता चला। युवती की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर पतासजी के दौरान आरोपी के राजस्थान में छुपे होने की खबर मिलने पर पुलिस ने टीम बनाकर राजस्थान भेजा गया था। जहां जयपुर जिले में शिवदासपुर से आरोपी सुरेश धाकड़ को गिरफ्तार किया गया है, वही पूरे घटनाक्रम में आरोपी की छुपने में मदद करने वाले उसके सगे भाई जशवंत धाकड़ को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।










