254 अभ्यर्थियों के लिए निर्णायक दिन : दस्तावेज सत्यापन का अंतिम अवसर 6 फरवरी को

रायपुर। उच्च शिक्षा विभाग द्वारा प्रयोगशाला परिचारक भर्ती-2023 के अंतर्गत द्वितीय चरण के बाद तृतीय एवं अंतिम अवसर के रूप में 254 अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन का मौका दिया गया है। इस संबंध में कार्यालय आयुक्त, उच्च शिक्षा, नवा रायपुर द्वारा अंतिम सूचना जारी की गई है।
जारी सूचना के अनुसार, प्रयोगशाला परिचारक की सूची में शामिल अभ्यर्थियों को 6 फरवरी शुक्रवार को अपने समस्त आवश्यक मूल दस्तावेजों एवं सत्यापन प्रपत्रों के साथ उपस्थित होना अनिवार्य होगा। दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया क्षेत्रीय अपर संचालक कार्यालय, उच्च शिक्षा, विज्ञान महाविद्यालय परिसर, रायपुर में प्रातः 10:30 बजे से सायं 5:00 बजे तक संपन्न की जाएगी।
उच्च शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह तृतीय एवं अंतिम अवसर है। निर्धारित तिथि एवं समय पर अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों पर आगे किसी भी प्रकार का दावा मान्य नहीं होगा। दस्तावेज सत्यापन का तात्पर्य चयन सूची में नाम शामिल होना नहीं है, अंतिम निर्णय आयुक्त, उच्च शिक्षा द्वारा लिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि इस सूचना को उच्च शिक्षा संचालनालय की आधिकारिक वेबसाइट http://highereducation.cg.gov.in पर भी अपलोड कर दिया गया है, ताकि सभी संबंधित अभ्यर्थियों तक समय पर जानकारी पहुँच सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *