किरण देव पुन: बने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, बोले पंच से लेकर पार्लियामेंट तक भाजपा को ही लाना है

00 राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े ने की घोषणा, मुख्यमंत्री साय, प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन सहित सभी ने दी बधाई
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के नए प्रदेश अध्यक्ष के रूप में किरण सिंह देव दोबारा निर्वाचित हुए। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और प्रदेश अध्यक्ष चुनाव प्रभारी विनोद तावड़े ने शुक्रवार को कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित प्रदेश कार्यालय में इसकी घोषणा की। केंद्रीय पदाधिकारियों, प्रदेश पदाधिकारियों, मंत्रियों, सांसदों, विधायकों व कार्यकर्ताओं के बीच तावड़े ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जगतप्रकाश नड्डा की ओर से पुष्पमाला पहना कर स्वागत किया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन, पर्यवेक्षक गजेंद्र पटेल, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जमवाल, संगठन महामंत्री पवन साय सहित अन्य नेताओ ने देव का अभिनंदन कर उन्हें बधाई दी। प्रदेश के सभी महामंत्री संजय श्रीवास्तव, जगदीश (रामू) रोहरा, भरतलाल वर्मा व रामजी भारती तथा रायपुर शहर जिला भाजपा अध्यक्ष रमेश ठाकुर व रायपुर ग्रामीण जिला अध्यक्ष श्याम नारंग ने गजमाला पहना कर स्वागत किया।
नव निर्वाचित भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने इस अवसर पर कहा कि पिछली बार दायित्व मिलने के बाद ही लोकसभा चुनाव, रायपुर दक्षिण उपचुनाव, संगठन पर्व के तहत सदस्यता अभियान और संगठन के बूथ से लेकर जिला इकाइयों के चुनाव में सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं व जनप्रतिनिधियों ने परिश्रम की पराकाष्ठा करके सारे संगठनात्मक कार्यक्रमों को समय पर पूर्ण किया और निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त किया। बूथ से लेकर जिला इकाइयों के गठन में कहीं कोई विवाद की स्थिति नहीं बनी इसीलिए भाजपा पार्टी विथ डिफ्रेंस है। देव ने आगामी नगरीय निकाय और त्रि-स्तरीय पंचायत चुनावों की चर्चा करते हुए कहा कि ये चुनाव हमारे कार्यकर्ताओं को नेतृत्वकर्ता बनाने का चुनाव है इसलिए इसी समन्वय के साथ काम करते हुए पंचायत से पार्लियामेंट तक भाजपा का परचम लहराने के लिए सभी कटिबद्ध हों। देव ने मार्गदर्शन हेतु राष्ट्रीय नेतृत्व, प्रदेश नेतृत्व व संगठन के कार्य में सहयोग करने के लिए कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए आगामी कार्यकाल के लिए इसी तरह सहयोग की कामना की।
केंद्रीय चुनाव पर्यवेक्षक व मप्र के सांसद गजेंद्र सिंह पटेल ने संगठन चुनाव समय पर पूर्ण होने पर सभी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में संगठन चुनाव में कहीं कोई अकारण दखल नहीं दी गई और परस्पर तालमेल देखने को मिला। बस्तर के सुदूर क्षेत्रों तक बूथ और मंडल इकाइयों के गठन की सराहना करते हुए श्री पटेल ने कहा कि संगठन चुनाव की प्रक्रिया समयबद्ध पूर्ण होने के कारण छत्तीसगढ़ मान बढ़ा है।