प्लास्टिक बोतलों में शराब बिक्री के खिलाफ एनजीटी और पर्यावरण संरक्षण मंडल पहुंचे कन्हैया

00 सरकार के फैसले पर तत्काल रोक की मांग
रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री कन्हैया अग्रवाल ने प्रदेश सरकार द्वारा प्लास्टिक की बोतलों में शराब बेचने के निर्णय के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया है। इस जनविरोधी और पर्यावरण विरोधी नीति के खिलाफ अग्रवाल ने नवा रायपुर स्थित पर्यावास भवन पहुंचकर छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के सदस्य सचिव के नाम विस्तृत ज्ञापन सौंपा। साथ ही, उन्होंने नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल, भोपाल जोन को ईमेल और डाक के माध्यम से औपचारिक शिकायत भेजकर इस आत्मघाती निर्णय पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है ।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य और प्रकृति के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा । पर्यावरण संरक्षण मंडल और एनजीटी को भेजी गई अपनी शिकायत में कन्हैया अग्रवाल ने वैज्ञानिक तथ्यों का हवाला देते हुए बताया कि प्लास्टिक बोतलों में शराब का भंडारण करने से घातक रसायनों का मिश्रण होता है, जो कैंसर और लिवर जैसी गंभीर बीमारियों का कारण बनता है। उन्होंने कहा कि सरकार केवल राजस्व की बचत के लिए करोड़ों प्रदेशवासियों के स्वास्थ्य को दांव पर लगा रही है। करोड़ों की संख्या में प्लास्टिक कचरा छत्तीसगढ़ की नदियों, नालों और उपजाऊ भूमि को स्थायी रूप से बर्बाद कर देगा।
सॉफ्ट ड्रिंक कंपनियों पर भी कार्रवाई की मांग करते हुए श्री अग्रवाल ने केवल शराब ही नहीं, बल्कि पेप्सी और कोका-कोला जैसी सॉफ्ट ड्रिंक कंपनियों की प्लास्टिक बोतलों को भी पर्यावरण के लिए बड़ा खतरा बताया । उन्होंने एनजीटी और पर्यावरण संरक्षण मंडल से निवेदन किया है कि इन कंपनियों को भी प्लास्टिक पैकेजिंग बंद कर कांच या अन्य सुरक्षित विकल्पों को अपनाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।
उन्होंने कहा कि हमारी प्रमुख मांग है छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्लास्टिक बोतलों में शराब बिक्री के निर्णय पर तत्काल अंतरिम रोक (लगाई जाए । पर्यावरण विभाग इस निर्णय से होने वाली क्षति का इम्पैक्ट असेसमेंट करे ।सॉफ्ट ड्रिंक की प्लास्टिक बोतलों पर प्रतिबंध लगाने हेतु कड़े नियम बनाए जाएं। कन्हैया अग्रवाल ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने इस पर्यावरण विरोधी फैसले को वापस नहीं लिया, तो वे इस लड़ाई को सड़क से लेकर न्यायालय तक लड़ेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *