पीएससी परीक्षा में इतिहास और स्थानीय संस्कृति से जुड़े रोचक सवालों ने अभ्यर्थियों की ली कड़ी परीक्षा

रायपुर। रविवार को राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा की प्रथम पाली में इतिहास और स्थानीय संस्कृति से जुड़े रोचक सवालों के साथ-साथ आंकड़ों पर आधारित सवालों ने इस बार अभ्यर्थियों की कड़ी परीक्षा ली।
परीक्षा में छत्तीसगढ़ के इतिहास से जुड़ा एक बेहद दिलचस्प सवाल पूछा गया कि रायपुर षडय़ंत्र केस की योजना रायपुर के किस रुकने के स्थान (होटल) में बनी थी। इस सवाल ने कई परीक्षार्थियों को गहराई से सोचने पर मजबूर कर दिया और परीक्षा से बाहर आने के बाद भी यह चर्चा का मुख्य विषय बना रहा। इसी तरह कान में पहने जाने वाले आभूषण को क्या कहा जाता है, इस सवाल के विकल्पों ने भी अभ्यर्थियों का ध्यान खींचा। इसके विकल्पों में तितरी, लेरकी, पटिया और झुमका दिए गए थे।
प्रथम पाली के सामान्य अध्ययन प्रश्नपत्र में इस बार आंकड़ों पर आधारित सवालों की भरमार थी। इन घुमावदार सवालों के कारण परीक्षार्थियों को सही उत्तर तक पहुंचने में काफी समय लगा और उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
परीक्षा में सबसे ज्यादा पसीने आर्थिक सर्वेक्षण से जुड़े सवालों ने छुड़ाए। परीक्षार्थियों का कहना था कि अर्थव्यवस्था और सर्वेक्षण के हालिया आंकड़ों से काफी गहराई से सवाल पूछे गए थे। ऐसे में जिन अभ्यर्थियों की तैयारी पक्की नहीं थी, उनके लिए इन कठिन सवालों का उत्तर देना बहुत मुश्किल साबित हुआ।










