प्रयोगशाला तकनीशियन भर्ती-2023 की शिकायत पर राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग में सुनवाई

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग में कार्यालय आयुक्त, उच्च शिक्षा संचालनालय, नवा रायपुर द्वारा आयोजित प्रयोगशाला तकनीशियन भर्ती-2023 में जारी नवीन अनुपूरक/प्रतीक्षा सूची के चयन में अनियमितता संबंधी शिकायत पर सुनवाई की गई है। सुनवाई आयोग के अध्यक्ष श्री नेहरू राम निषाद, उपाध्यक्ष श्रीमती चन्द्रकान्ति वर्मा एवं सचिव श्री संकल्प साहू की उपस्थिति में सम्पन्न हुई। इस दौरान शिकायत की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित पक्षकारों को निष्पक्ष रूप से अपना पक्ष रखने का अवसर प्रदान किया गया।
आवेदकगण श्री संतोष चन्द्रवंशी, श्री भेमन कुमार साहू एवं श्री चित्रकांत साहू ने आयोग में उपस्थित होकर कहा कि प्रयोगशाला तकनीशियन भर्ती-2023 में अनारक्षित वर्ग से 72 अभ्यर्थियों का चयन किया गया था, जिनमें से 05 पुरुष अभ्यर्थियों द्वारा पदभार ग्रहण नहीं किया गया। उनके अनुसार, ऐसी स्थिति में नियुक्ति हेतु प्रावीण्य सूची को सरल क्रमांक 81 तक अग्रेषित किया जाना चाहिए था, जिससे सरल क्रमांक 72 से 81 तक कुल 06 अन्य पिछड़ा वर्ग (अ.पि.व.) के अभ्यर्थियों (क्रमांक 73, 74, 78, 79, 80 एवं 81) को अनारक्षित वर्ग में लाभ प्राप्त हो सकता था।
सुनवाई के दौरान विभाग की ओर से अपर संचालक, कार्यालय आयुक्त, उच्च शिक्षा संचालनालय, नवा रायपुर उपस्थित हुए। उन्होंने आवेदकों के कथन के संदर्भ में आश्वासन दिया कि नियुक्ति के पश्चात यदि किसी अभ्यर्थी द्वारा कार्यभार ग्रहण नहीं किया गया हो अथवा कार्यभार ग्रहण करने के बाद कोई स्थिति उत्पन्न हुई हो, तो चयन समिति द्वारा चयन सूची एवं अनुपूरक सूची का नियमानुसार परीक्षण किया जाएगा। सुनवाई उपरांत पदाधिकारियों द्वारा संबंधित विभाग को प्रकरण में तत्परता से आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *