20 से 24 फरवरी तक निःशुल्क प्लेसमेंट कैम्प का आयोजन रायपुर में

रायपुर। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, रायपुर द्वारा युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने हेतु 20 फरवरी से 24 फरवरी तक निःशुल्क प्लेसमेंट कैम्प का आयोजन किया जा रहा है। यह प्लेसमेंट कैम्प टेक्नोटॉस्क बिजनेस साल्युशन्स प्राइवेट लिमिटेड, चतुर्थ तल, मल्टीलेवल पार्किंग, गांधी चौक कलेक्टोरेट परिसर, रायपुर में प्रतिदिन सवेरे 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होगा।
प्लेसमेंट कैम्प में भाग लेने के इच्छुक एवं योग्य अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य है। अभ्यर्थी अपना आवेदन छत्तीसगढ़ रोजगार एप के माध्यम से कर सकते हैं। साक्षात्कार में सम्मिलित होने हेतु अभ्यर्थियों को अपने शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों की छायाप्रति, रोजगार पंजीयन प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, बायोडाटा तथा पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा। यह प्लेसमेंट कैम्प पूर्णतः निःशुल्क है।
कैम्प में निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियां सहभागिता करेंगी। टेक्नोटॉस्क बिजनेस साल्युशन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव के 400 पदों पर भर्ती की जाएगी, जिसके लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12 वीं उत्तीर्ण निर्धारित है। चयनित अभ्यर्थियों को प्रतिमाह 18 हजार रुपए वेतन प्रदान किया जाएगा तथा पदस्थापना रायपुर में होगी।
इसी प्रकार आईटीएम एडयूटेक इंडिया लिमिटेड द्वारा सेल्स एग्जीक्यूटिव/रिलेशनशिप मैनेजर के 124 पदों पर भर्ती की जाएगी। इस पद हेतु शैक्षणिक योग्यता स्नातक निर्धारित है। चयनित अभ्यर्थियों को प्रतिमाह 26 हजार 500 वेतन प्रदान किया जाएगा तथा पदस्थापना समस्त छत्तीसगढ़ में की जाएगी।
जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र के अधिकारी ने जिले के सभी योग्य एवं इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की जाती है कि वे इस प्लेसमेंट कैम्प का लाभ उठाते हुए निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित होकर साक्षात्कार प्रक्रिया में भाग लें।










