नगरीय निकाय चुनाव के लिए भाजपा का थीम सॉन्ग लॉन्च,अन्य गीत भी हुए जारी

रायपुर। नगरीय निकाय व त्रि-स्तरीय पंचायत चुनावों के लिए बुधवार भारतीय जनता पार्टी ने पांच थीम सॉंग लॉन्च किए गए। थीम सॉन्ग्स न केवल भाजपा के मिशन व विजन को, बल्कि जनभावनाओं को भी व्यक्त करने वाले हैं। अपने सुमधुर बोल और कर्णप्रिय गायन व संगीत से भाजपा के पक्ष में यकीनन वातावरण को प्रभावोत्पादक बना रहे हैं।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने कहा है कि प्रदेश में अब नगरीय निकाय और त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव होने जा रहे हैं। विधानसभा और लोकसभा चुनाव में इस प्रदेश की जनता ने भाजपा को भरपूर आशीर्वाद दिया। कांग्रेस की पिछली भूपेश सरकार के भ्रष्टाचार, अन्याय और अत्याचार के कारण प्रदेश की जनता ने भाजपा पर भरोसा जताया। श्री श्रीवास्तव ने कहा कि आम जनता के लिए नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव इस मायने में ज्यादा महत्वपूर्ण होते हैं क्योंकि इन नगर व ग्राम सरकारों से उनका सीधा सरोकार होता है। श्री श्रीवास्तव बुधवार को एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में आहूत थीम सॉन्ग लॉन्चिंग कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
भाजपा विधायक अनुज शर्मा ने कार्यक्रमे को संबोधित करते हुए कहा कि निकाय चुनाव-प्रचार के लिए जिन गीतों को तैयार समर्पित किया जा रहा है, उनमें सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इन गीतों में आपको छत्तीसगढ़ की जनता की भावना सुनाई देगी। उनके मन की जो बात है, वह इन गीतों के माध्यम से रखने का प्रयास किया गया है। इस थीम सॉन्ग के गीतकार, संगीतकार, गायक सभी स्थानीय कलाकार हैं। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी ने नगरीय निकाय चुनाव के लिए थीम सॉन्ग की लॉन्चिंग के कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए बताया कि भाजपा हमेशा इनोवेशन के लिए जानी जाती है। नए-नए प्रयोग कर जनता के बीच जाकर अपनी बात अलग-अलग माध्यमों से रखे जाने के लिए जानी जाती है। क्रिएशन और इनोवेशन के लिए भाजपा ऐसे बहुत-से कंटेंट लेकर जनता तक पहुँचेगी। यह थीम सॉन्ग भाजपा ने जनता की भावनाओं के अनुरूप प्रस्तुत किया है। प्रदेश के विभिन्न प्लेटफॉर्म्स में यह गीत सुने जाएंगे।
इस थीम सॉन्ग लॉन्चिंग कार्यक्रम में प्रदेश कोषाध्यक्ष नंदन जैन, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार व भाजपा नरेटिव टीम के संयोजक पंकज झा, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी अनुराग अग्रवाल, प्रदेश प्रवक्ता दीपक म्हस्के, सोशल मीडिया प्रदेश संयोजक सोमेश पांडेय व शशांक शर्मा भी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *