डब्ल्यूआरएस कॉलोनी में 101, रावणभाठा में 60 व बोरियाखुर्द में 55 फीट ऊंचे रावण के पुतले का होगा दहन

रायपुर। राजधानी सहित पूरे छत्तीसगढ़ में शनिवार को विजयादशमीं का पर्व मनाया जाएगा। इस दिन राजधानी रायपुर में विभिन्न जगहों पर रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। मुख्य रूप से डब्ल्यूआरएस कॉलोनी, रावणभाठा मैदान, रावांभाठा, बोरियाखुर्द, बीटीआई ग्राउंड, समता कॉलोनी, लाखेनगर, कोटा में रावण दहन होगा।
राजधानी में सबसे ऊंचा 101 फीट का रावण डब्ल्यूआरएस कॉलोनी में तैयार हो रही है। यहां मेघनाथ और कुंभकरण के पुतले की ऊंचाई भी 70-70 फीट होगी। इसी तरह रावणभाठा (भाठागांव) में रावण का पुतला 60 फीट का होगा। वहीं मेघनाथ और कुंभकरण के पुतले 55-55 फीट का होगा। आतिशबाजी के लिए कोलकाता से टीमें बुलाई गई है।
सार्वजनिक दशहरा उत्सव समिति रावणभाठा के अध्यक्ष मनोज वर्मा ने बताया कि आतिशबाजी के लिए जबलपुर की टीम आएगी। दशहरा के ही दिन रामलीला होगी। रावण का 60 फीट ऊंचा पुतला बनाया जा रहा है। मेघनाथ और कुंभकरण के पुतले 55-55 फीट के होंगे। खम्हारडीह सार्वजनिक दशहरा एवं सांस्कृतिक समिति द्वारा 40 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन होगा। यहां सिर्फ रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। शाम को रामलीला का मंचन होगा। आतिशबाजी बलौदाबाजार की टीम करेगी।
बोरियाखुर्द दशहरा सांस्कृतिक महोत्सव समिति के अध्यक्ष गजेंद्र तिवारी व विजय वर्मा ने बताया कि रायपुर ग्रामीण के बोरियाखुर्द में शनिवार को दशहरा उत्सव मनाया जाएगा जहां 55 फीट ऊंचे रावण व 40-40 फीट ऊंची कुंभकरण और मेघनाथ के पुतले का दहन किया जाएगा। रावण दहन के लगभग 1 से डेढ़ घंटे तक चलने वाले रोमांचकारी आतिशबाजी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा तथा रात्रि में छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति होगी, यह कार्यक्रम स्वर्णा, गरिमा दिवाकर समूह द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा।
दशहरा उत्सव समिति रावांभाठा के संरक्षक एवं बिरगांव नेता प्रतिपक्ष ओमप्रकाश साहू ने बताया कि रावांभाठा के रामायण मेला मैदान में रावण दहन होगा। यहां 30 फीट का पुतला बनाया जा रहा है। दोपहर में रंग छत्तीसा टीम द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। शाम सात बजे से रामलीला होगी। भिलाई के कलाकार स्पेशल इफेक्ट के साथ आतिशबाजी करेंगे।
छत्तीसगढ़ नगर दशहरा उत्सव समिति के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने बताया कि रावण का पुतला 45 फीट जबकि कुंभकरण और मेघनाथ के पुतले 30 फीट के होंगे। सोनपैरी ग्राम की पुष्पांजलि मानस मंडली रामलीला करेगी। कोलकाता के कलाकार स्पेशल इफेक्ट के साथ आतिशबाजी करेंगे। छत्तीसगढ़ी संस्कृति कार्यक्रम रंग झरोखा की प्रस्तुति होगी।