संघ शताब्दी वर्ष पर जांजगीर में विजयादशमी उत्सव और शस्त्र पूजन सम्पन्न

जांजगीर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा संघ शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में गुरुवार को विजयादशमी उत्सव एवं शस्त्र पूजन कार्यक्रम का आयोजन विष्णु मंदिर बस्ती में धूमधाम से किया गया। सुबह 8 बजे प्रारंभ हुए इस आयोजन में करीब डेढ़ सौ स्वयंसेवकों ने पूर्ण अनुशासन और उत्साह के साथ सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अमित देवांगन ने की तथा विभाग प्रचारक योगेश्वर साहू मुख्य वक्ता रहे। उत्सव में शस्त्र पूजन के पश्चात पथ संचलन, उद्बोधन और प्रार्थना सम्पन्न हुई। आयोजन की जानकारी नगर कार्यवाह डॉ. नील सागर यादव ने दी। मुख्य वक्ता योगेश्वर साहू ने संबोधन में कहा कि भारत भूमि को माता के रूप में पूजने वाला केवल हिंदू समाज है, इसलिए हिंदुत्व ही इस देश की मूल आत्मा है। यदि मूल को सशक्त किया जाए तो राष्ट्र स्वयं सशक्त हो जाएगा। उन्होंने कहा कि संघ का मुख्य लक्ष्य व्यक्ति निर्माण है, क्योंकि संस्कारित और सशक्त व्यक्ति से ही मजबूत समाज और राष्ट्र का निर्माण संभव है।
उन्होंने संघ की भूमिका, उद्देश्य और समाज में योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संघ समाज को संगठित और जागरूक बनाकर भारत को विश्वगुरु के रूप में स्थापित करने के लिए कार्यरत है। इस अवसर पर सह प्रांत प्रचार प्रमुख मन्मथनाथ शर्मा, जिला कार्यवाह अमित गौरहा, जिला कुटुंब प्रबोधन प्रमुख गंगाराम कटकवार, जिला सामाजिक समरसता प्रमुख रामचंद्र उपाध्याय, जिला सेवा प्रमुख मुकेश चंद्रा, जिला महाविद्यालयीन प्रमुख रुद्र प्रताप सिंह, जिला सह पर्यावरण प्रमुख मिथलेश कश्यप, नगर संघचालक डॉ. संदीप तिवारी, वरिष्ठ स्वयंसेवक रज्जू गुप्ता और हरगोविंद खत्री सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक, गणमान्य नागरिक एवं मातृशक्ति उपस्थित रहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *