तुर्की के वामपंथी संगठन द्वारा हजारों निर्दोष के मौत का जिम्मेदार बसव राजू से संबंधित जारी वीडियो की प्रामाणिकता जांच का विषय – सुदरराज पी.

जगदलपुर। नक्सली संगठन के चीफ नंबाला केशव राव उर्फ बसव राजू की मौत पर तुर्की के वामपंथी संगठन ने सरकार की निंदा करते हुए वीडियो जारी किया। वीडियो में टर्किश वामपंथी उग्रवादी अपना चेहरा ढककर एक बयान पढ़ता दिखाई दे रहा है। इससे साफ होता है कि देश में सक्रिय वामपंथी माओवादियों यानि नक्सलियों का संपर्क अंर्तराष्ट्रीय स्तर पर है ।
इस पर आज बस्तर आईजी सुदरराज पी. ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि तुर्की के वामपंथी उग्रवादी संगठनों द्वारा मृत सीपीआई (माओवादी) महासचिव नंबाला केशव राव उर्फ बसव राजू से संबंधित जारी वीडियो की प्रामाणिकता और मौलिकता जांच का विषय है। लेकिन सच्चाई यह है कि न केवल बस्तर के लाखों-लाख निवासी, बल्कि पूरे देश के नागरिक सीपीआई (माओवादी) के सरगना नंबाला केशव राव उर्फ बसव राजू की मौत के बाद स्वयं को आज़ाद और प्रसन्न महसूस कर रहे हैं। क्योंकि नंबाला केशव राव उर्फबसव राजू कोई और नहीं बल्कि एक क्रूर, अप्रासंगिक और विफल विचारधारा का प्रवर्तक था, जो हजारों निर्दोष आदिवासी पुरुषों, महिलाओं और बच्चों के मौत का लिए ज़िम्मेदार रहा है।
उन्होने कहा कि प्रतिबंधित और अवैध सीपीआई (माओवादी) संगठन के कैडरों और समर्थकों द्वारा नक्सली संगठन का सरगना नंबाला केशव राव उर्फ बसव राजू के रक्तरंजित क्रूर इतिहास को छिपाकर उनके क्रूर अतीत को महिमामंडित करने का कोई भी प्रयास सफल नहीं होगा । दुनिया अब नक्सलवाद का असली और भयानक चेहरा देख चुकी है, जो कि पूरी तरह से आदिवासी विरोधी, अमानवीय और विकास विरोधी है। हम सरकार के उस संकल्प के प्रति पूर्णत: प्रतिबद्ध हैं, जिसका उद्देश्य बस्तर को नक्सलवाद के चंगुल से मुक्त कर, क्षेत्र में शांति और समृद्धि सुनिश्चित करना है, जैसा कि बस्तर की मूल आबादी की इच्छा है।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ के अबूझमाड़ में बुधवार 21 मई को नक्सल विरोधी अभियान में इतिहास रचते हुए, जिस नक्सली का देश भर की सुरक्षा एजेंसियों को तलाश थी उसे डीआरजी के जवानों ने मार गिराया था। नक्सलियों का नक्सली संगठन का सरगना दस करोड़ का ईनामी नम्बाला केशव राव उर्फ बशव राजू उर्फ गगन्ना को मार गिराया गया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *