खाद्य विभाग द्वारा महासमुंद, बागबाहरा व तुमगांव के विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर नमूना जांच की कार्रवाई की गई

महासमुंद। खाद्य एवं औषधि प्रशासन के मार्गदर्शन में होली पर्व के मद्देनजर मिलावट पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा चलाए जा रहे सघन जांच अभियान का विस्तार किया गया है। अभियान के तहत 28 फरवरी को महासमुंद, बागबाहरा एवं तुमगांव क्षेत्र में विभिन्न प्रतिष्ठानों पर दबिश देकर निरीक्षण एवं नमूना जांच की कार्रवाई की गई।
विभागीय टीम द्वारा तेंदूकोना स्थित विजय किराना स्टोर्स से बेसन एवं मैदा के विधिक नमूने संकलित कर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं। वहीं महासमुंद के भवानी मिष्ठान से कलाकंद, सेव, बूंदी लड्डू एवं पेड़ा के नमूने निगरानी के आधार पर जांच हेतु प्रेषित किए गए। इसी क्रम में तुमगांव स्थित शिवा होटल से मैदा, पनीर, बूंदी एवं कलाकंद के सर्विलांस नमूने लिए गए, ताकि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं शुद्धता सुनिश्चित की जा सके।
इसके अलावा, तुमगांव स्थित साईं होटल एवं ज्ञानी फैमिली ढाबा का भी सघन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान संचालकों को साफ-सफाई, खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन एवं गुणवत्तापूर्ण सामग्री के उपयोग को लेकर कड़े निर्देश दिए गए। विभाग ने निर्देश दिए है कि त्योहारों के दौरान मिलावट करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी और आम जनता को सुरक्षित एवं शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *