महतारी वंदन योजना से सुलेश्वरी को मिली आत्मनिर्भरता की नई राह

जांजगीर-चांपा। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा संचालित महतारी वंदन योजना महिलाओं के सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में प्रभावी सिद्ध हो रही है। इस योजना ने जांजगीर-चांपा जिला मुख्यालय निवासी श्रीमती सुलेश्वरी यादव के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनने की नई राह दिखाई है।
सीमित आय और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच जीवनयापन कर रहीं श्रीमती सुलेश्वरी यादव के लिए तीन बच्चों की शिक्षा, घरेलू खर्च और भविष्य की जरूरतें बड़ी चुनौती थीं। घरेलू कार्यों के साथ-साथ सिलाई कार्य कर वे परिवार की आय में सहयोग करती थीं, किंतु संसाधनों की कमी के कारण आवश्यकताओं की पूर्ति में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।
महतारी वंदन योजना के अंतर्गत प्रतिमाह प्राप्त होने वाली 1000 रुपये की सहायता राशि उनके लिए आर्थिक संबल बनी। उन्होंने इस राशि से नियमित बचत प्रारंभ की तथा बच्चों की पढ़ाई, स्कूल फीस, किताब-कॉपी एवं घरेलू आवश्यकताओं की पूर्ति सुनिश्चित की। हाल ही में योजना की 24वीं किश्त के रूप में प्राप्त राशि से उनके परिवार को अतिरिक्त राहत मिली है। श्रीमती सुलेश्वरी यादव का कहना है कि इस योजना से उन्हें आत्मविश्वास और आत्मसम्मान मिला है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि महिलाओं को स्वावलंबी और सशक्त बनाने की एक प्रभावी पहल है।
गौरतलब है कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से राज्य सरकार प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है, जिससे महिला सशक्तिकरण को नई गति मिल रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *