स्कॉर्पियो की खिड़की से शरीर बाहर निकालकर और शराब की बोतल लहराने वाले युवकों को खोज निकाला पुलिस ने

जशपुर। कुछ दिन पूर्व जशपुर के सारुडीह-किनकेल घाट चढ़कर पठार में कुछ किशोर काले रंग की स्कॉर्पियो और बुलेट मोटरसाइकिल पर खतरनाक तरीके से स्टंट करते हुए नजर आए थे। वायरल वीडियो में युवक स्कॉर्पियो की दोनो खिड़की से शरीर बाहर निकालकर और शराब की बोतल लहराते हुए लापरवाहीपूर्ण ढंग से स्टंट करते दिख रहे थे। सोशल मीडिया पर वायरल हुए स्टंटबाजी के वीडियो पर जशपुर पुलिस ने त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित युवकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की है। मामला थाना सिटी कोतवाली जशपुर क्षेत्र के सारुडीह, किनकेल का है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए स्टंट में शामिल काले रंग की स्कॉर्पियो क्रमांक जेएच 01 एफसी 1960 तथा बुलेट मोटरसाइकिल क्रमांक जेएच 01 बीएन 4563 को खोज निकाला। जांच में पाया गया कि स्कॉर्पियो ग्राम सारुडीह निवासी अविनाश एक्का, उम्र 25 वर्ष की है, जो स्वयं वाहन चला रहा था। बुलेट मोटरसाइकिल बाधरकोना निवासी एक व्यक्ति की बताई गई है, जिसमें एक युवती स्टंट करती हुई दिखाई दी थी। बताया जा रहा है कि, जशपुर पुलिस ने स्टंटबाजी से जुड़े एक अन्य बिना नंबर की स्कॉर्पियो वाहन को भी चिन्हित किया है, जिसकी तलाश जारी है।
जशपुर पुलिस ने जिले के आम नागरिकों से अपील की है कि स्टंटबाजी से दूर रहें और यातायात नियमों का पालन करें तथा शराब के नशे में वाहन न चलाएं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *