उपमुख्यमंत्री साव के कार्यक्रम में पहुंचने से पहले भाजपा मंडल अध्यक्ष की कार में लगी भीषण आग, कोई हताहत नहीं

मुंगेली। भाजपा मंडल अध्यक्ष दिनेश कश्यप की महिंद्रा एक्सयूवी 300 कार में अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि गनीमत रही कि इस हादसे में किसी को चोट नहीं आई और सभी लोग सुरक्षित बच निकले। सभी शनिवार को उपमुख्यमंत्री अरुण साव के कार्यक्रम में शामिल होने भाजपा मंडल अध्यक्ष दिनेश कश्यप के वाहन से कार्यकर्ता बृंदावल की ओर जा रहे थे। अखरार के पास पहुंचते ही कार से अचानक धुआं निकलने लगा और कुछ ही पलों में आग भड़क उठी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग तेजी से फैलते हुए पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए कार में सवार तीनों लोग तुरंत बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। थोड़ी सी भी देरी होती तो जान-माल का नुकसान हो सकता था। बताया जा रहा है कि महिंद्रा एक्सयूवी 300 पिछले दीवाली पर ही खरीदी गई थी और आग लगने से वाहन पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की। घटना के बाद दिनेश कश्यप ने बताया कि यह भगवान की कृपा है कि सभी सुरक्षित हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और प्राथमिक तौर पर तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है।










