सीबीएसई के गणित विषय की परीक्षा में 56 प्रश्न पत्र कम भेजे, फोटो कॉपी कराकर बांटी

दंतेवाड़ा। सीबीएसई की 10वीं बोर्ड परीक्षा के पहले ही दिन बड़ी लापरवाही सामने आई, गणित विषय की परीक्षा के दौरान जिले के बालूद स्वामी आत्मानंद आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परीक्षा केंद्र में 56 प्रश्न पत्र कम पहुंचने से हड़कंप मच गया। प्रश्नपत्रों की कमी के कारण 56 परीक्षार्थियों को घंटों तक इंतजार करना पड़ा और उन्हें सुबह से शाम तक स्कूल परिसर में ही रोके रखा गया।
जानकारी के अनुसार केंद्र में गणित (बेसिक) के 165 और गणित (स्टैंडर्ड) के 20 परीक्षार्थी दर्ज थे। सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक परीक्षा का निर्धारित समय था। लेकिन बेसिक गणित के 56 प्रश्नपत्र बोर्ड की ओर से कम भेजे गए थे। केंद्र प्रबंधन ने तुरंत इसकी सूचना बोर्ड को दी, जिसके बाद प्रश्नपत्रों की फोटो कॉपी कराई गई। करीब दो घंटे की देरी से 56 विद्यार्थियों को प्रश्नपत्र उपलब्ध कराए गए और उनकी परीक्षा दोपहर 12.45 बजे शुरू हुई, जो शाम 3:45 बजे जाकर समाप्त हुई। इस दौरान पेपर लीक होने की आशंका से स्कूल प्रबंधन ने परीक्षा दे चुके किसी भी छात्र को बाहर नहीं जाने दिया।










