18 साल से नहीं हुआ बच्चा तो पति ने फावड़े से कर दी पत्नी की हत्या

कोरबा। कटघोरा थाना इलाके में शादी के 18 साल बाद भी बच्चे न होने और पत्नी के कैरेक्टर पर शक के चलते पति ने फावड़े से पत्नी पर हमला कर उसे मार डाला। घटना के बाद आरोपी मौके से भाग गया, लेकिन सोमवार को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक गायत्री बस्ती, ढेलवाडीह में रहने वाले तुलसी यादव (37) की शादी करीब 18 साल पहले रंजना यादव (35) से हुई थी। शादी के इतने साल बाद भी दोनों के कोई बच्चे नहीं हुए। इसी वजह से पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। तुलसी यादव पेशे से किसान है। पत्नी रंजना यादव और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ ढेलवाडीह गायत्री बस्ती में रहता है। शादी के 18 साल बाद भी दोनों की संतान नहीं थी। ऐसे में दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।
हाल ही में रंजना अपने मायके ढेलवाडीह मेला देखने गई थी। पति भी मेले में पहुंचा था। वहां से लौटने के बाद रविवार शाम को दंपती में पुरानी बातों को लेकर विवाद हो गया। पति ने फावड़े से पत्नी के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर वार किया। जिससे पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई और जमीन पर गिर पड़ी। इसके बाद पति मौके से फरार हो गया। इधर, चीख-पुकार सुनकर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे तो रंजना खून से लथपथ पड़ी हुई थी। परिजन उसे फौरन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने रंजना को मृत घोषित कर दिया। मामले की जानकारी मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वारदात की जानकारी लेने के बाद पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *