भाटापारा के शासकीय महाविद्यालय में वार्षिक क्रीड़ा महोत्सव

भाटापारा। शासकीय गजानन्द अग्रवाल स्नातकोत्तर महाविद्यालय में वार्षिक क्रीड़ा महोत्सव का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। महाविद्यालय परिसर में आयोजित इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा खेल भावना, अनुशासन एवं टीम भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसके अंतर्गत विद्यार्थियों एवं स्टाफ के लिए क्रिकेट, रस्साकशी, म्यूजिकल चेयर, चम्मच दौड़, स्लो बाइक रेस एवं बोरा दौड़ जैसी विभिन्न रोमांचक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह और जोश के साथ सहभागिता करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार वर्मा द्वारा किया गया। अपने उद्घाटन संबोधन में उन्होंने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल जीवन के लिए औषधि के समान हैं। यह न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाते हैं, बल्कि मानसिक संतुलन, नेतृत्व क्षमता और अनुशासन की भावना का भी विकास करते हैं।
कार्यक्रम का संचालन राजेश शर्मा द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया। कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं प्रभावी रूप से संचालित करने में शुभम यदु एवं सुब्बू मानिकपुरी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के अंत में प्रभारी क्रीड़ा अधिकारी डॉ. दीपक कुमार यादव द्वारा सभी प्रतिभागियों, आयोजकों एवं उपस्थित अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। महोत्सव ने महाविद्यालय परिसर में उत्साह, ऊर्जा एवं सकारात्मक प्रतिस्पर्धा का वातावरण निर्मित किया।










