चित्रकोट महोत्सव 2026 का हुआ समापन, विजेताओं को किया गया पुरस्कृत

जगदलपुर। चित्रकोट जलप्रपात के तट पर आयोजित चित्रकोट महोत्सव 2026 का गुरुवार देर रात समापन हुआ। अनुज शर्मा की प्रस्तुति ने समां बांध दिया। अलग-अलग तरह के खेलों का आयोजन और विजेताओं को पुरस्कार का वितरण भी किया गया। अंतिम दिन की शुरुआत स्कूली छात्र-छात्राओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई। माध्यमिक विद्यालय पदरगुड़ा, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय लोहंडीगुड़ा एकलव्य आदर्श विद्यालय गढिय़ा, पीएमश्री आश्रम शाला बड़े गुमियापाल और कन्या आश्रम अलनार के विद्यार्थियों ने नृत्य-संगीत की शानदार प्रस्तुति दी।
चित्रकोट महोत्सव 2026 के आयोजन में बस्तर की आदिम संस्कृति की झलक तब देखने को मिली जब दरभा के कलाकारों ने धुरवा नृत्य, किलेपाल के दल ने पारंपरिक गौरसिंह नृत्य और लामकेर के नर्तकों ने प्रसिद्ध गेड़ी नृत्य प्रस्तुत किया। मांदर की थाप पर पूरा पंडाल देर तक झूमता रहा। मनोज नाग और साथियों की जनजातीय गीत-नृत्य प्रस्तुति ने बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जीवंत कर दिया। कार्यक्रम में ओडिशा डांस ग्रुप और नीरज-तमन्ना के कथक की भी शानदार प्रस्तुति रही। मोहम्मद अनस के पियानो वादन ने भारतीय शास्त्रीय संगीत से वातावरण को सुकूनभरा बना दिया। लोक रंग ग्रुप, जोबिता विश्वास और कोंडागांव के ‘रंग पुरैयाÓ दल ने भी अपनी विशिष्ट शैली से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। समापन संध्या का मुख्य आकर्षण रहे छत्तीसगढ़ी फिल्मों के सुपरस्टार और धरसींवा विधायक अनुज शर्मा। मंच संभालते ही उन्होंने अपनी आवाज और चिर-परिचित अंदाज से युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक का दिल जीत लिया। उनके लोकप्रिय गीतों पर दर्शक दीर्घा में बैठे लोग झूम उठे और देर रात तक चले कार्यक्रम में लोगों की भीड़ रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *