मुख्यमंत्री करेंगे तीन दिवसीय मैनपाट महोत्सव का शुभारंभ कल

00 सांस्कृतिक गीत संगीत से सजेगा छत्तीसगढ़ का शिमला,आमंत्रित एवं स्थानीय कलाकार देंगे मनमोहक प्रस्तुतियां
अंबिकापुर। सरगुजा जिले के मैनपाट स्थित रोपाखार जलाशय के समीप 13 से से 15 फरवरी तक तीन दिवसीय मैनपाट महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मुख्य आतिथ्य तथा पर्यटन मंत्री श्री राजेश अग्रवाल की अध्यक्षता में होगा। जिसका उद्देश्य मैनपाट को पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाना और स्थानीय लोककला एवं संस्कृति को प्रोत्साहित करना है।
महोत्सव में विभिन्न सांस्कृतिक, गीत संगीत से सजेगा छत्तीसगढ़ का शिमला आमंत्रित और स्थानीय कलाकारों की आकर्षक प्रस्तुतियाँ होंगी। पहले दिन 13 फरवरी को भोजपुरी गायक मनोज तिवारी, छत्तीसगढ़ी गायक सुनील सोनी तथा ओडिशा के हरिपद मोहंता द्वारा छऊ नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी। दूसरे दिन 14 फरवरी को छत्तीसगढ़ी गायिका अलका चंद्राकर, इंडियन आइडल एवं सारेगामापा फेम वैशाली रायकवार, गायक स्वप्नील जायसवाल सहित स्थानीय कलाकार मंच संभालेंगे। अंतिम दिन 15 फरवरी को प्रसिद्ध बॉलीवुड गायिका कनिका कपूर, रायगढ़ घराने की कथक नृत्यांगना ज्योतिश्री वैष्णव और छत्तीसगढ़ी गायक आयुष नामदेव अपनी प्रस्तुतियों से समा बाँधेंगे। इसके साथ ही स्कूली बच्चों द्वारा भी रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
मेला, फूड जोन, बोटिंग रहेंगे मुख्य आकर्षण, फैंसी पतंग उत्सव एवं दंगल प्रतियोगिता जैसी गतिविधियां भी होंगी आयोजित-
महोत्सव के दौरान ओपन कुश्ती दंगल प्रतियोगिता का आयोजन होगा। महोत्सव स्थल पर विशाल मेला लोगों को अपनी ओर आकर्षित करेगा, वहीं फूड जोन की भी उत्तम व्यवस्था होगी। इस दौरान रोपाखार जलाशय में बोटिंग की भी व्यवस्था की गई है। वहीं इस दौरान फैंसी पतंग उत्सव का भी आयोजन किया जाएगा।
विभागीय स्टॉल में दिखेगी विकास की झलक-
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित विभागीय स्टॉल भी लगाए जाएंगे। जिसमें पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, नगरीय प्रशासन विभाग, वन विभाग, आदिम जाति कल्याण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, कृषि विभाग, जेल विभाग, रेशम विभाग, समाज कल्याण विभाग, हस्तशिल्प विकास बोर्ड, स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल शामिल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *