मरीन ड्राइव एम्फीथिएटर में विद्यार्थियों ने बिखेरा हुनर, बच्चों से वरिष्ठों तक ने दी मनमोहक प्रस्तुतियां

00 कला केंद्र रायपुर बना प्रतिभाओं का सशक्त मंच
रायपुर। कला और संस्कृति को प्रोत्साहन देने की दिशा में रायपुर शहर में एक सराहनीय पहल देखने को मिल रही है। जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में संचालित कला केंद्र रायपुर आज स्थानीय प्रतिभाओं के लिए एक सशक्त मंच बनकर उभर रहा है। इसी कड़ी में तेलीबांधा स्थित मरीन ड्राइव के ओपन एम्फीथिएटर में आयोजित भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम ने शहरवासियों को कला के रंगों से सराबोर कर दिया।
कलेक्टर डॉ गौरव सिंह की दूरदर्शी सोच से शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य शहर के युवाओं एवं नागरिकों को कला की विभिन्न विधाओं में प्रशिक्षण और मंच उपलब्ध कराना है। मात्र 500 रुपये के नाममात्र शुल्क पर संचालित यह केंद्र बिना किसी आयु सीमा के सभी के लिए खुला है, जिससे हर वर्ग के लोग अपनी प्रतिभा को निखार पा रहे हैं। कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर डॉ गौरव सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री विश्वदीप एवं जिला पंचायत सीईओ श्री कुमार बिश्वरंजन के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। इस अवसर पर नगर निगम रायपुर की संस्कृति उप आयुक्त डॉ अंजली शर्मा की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मंच पर कला केंद्र के विद्यार्थियों ने वायलिन, तबला, हारमोनियम, सुगम संगीत, गायन, कथक एवं वेस्टर्न डांस जैसी विविध प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। खास बात यह रही कि बच्चों से लेकर वरिष्ठ नागरिकों तक सभी आयु वर्ग के कलाकारों ने आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुति दी, जिससे यह संदेश मिला कि कला किसी उम्र की मोहताज नहीं होती।
कार्यक्रम का संचालन निष्ठा जोशी, देवाशीष पटेल, राहुल ठाकुर, संदीप तथा कला केंद्र की पूरी टीम ने सफलतापूर्वक किया। कला केंद्र रायपुर अब शहर की उभरती प्रतिभाओं के लिए उम्मीद की किरण बन गया है। ऐसे आयोजनों से न केवल परफॉर्मिंग आर्ट्स को बढ़ावा मिल रहा है, बल्कि युवा पीढ़ी संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियों से भी जुड़ रही है। साथ ही यह पहल रायपुर की सांस्कृतिक पहचान को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *